मेरी नास्तिकता उस दिन ख़त्म हुई
जिस दिन मैंने तुम्हें खोया,
छोड़ सारे आडंबर
मैंने अपने भीतर ईश्वर बोया !
मैं चढ़ा मंदिर की हर सीढ़ी, तुम्हें पाने की चाह में,
हर दर सर झुकाया, जो पड़ा मेरी राह में !
सितारों के अर्थ खोजते,
पत्थर का आकार देखा,
हस्तरेखाओं की छाँव में
हम दोनों का क़रार देखा !
मैंने क़िस्मत की कुंजी खोजी, हर मज़ार पर चादर चढ़ाया
मैंने पूछा हर एक ज्योतिषी से, ये शनि की चाल है या राहु की माया ?
मैंने हर को हर एक में देखा
मैंने हर एक सिक्का हर कुएँ में फेंका,
मैंने दोनों हाथ उठाए उसके आगे
अब तुम ही बताओ कौन उस ईश्वर के कितने पीछे भागे !
यदि ईश्वर को मुझसे मिलना था तो वो ख़ुद आता,
तो उसने तुम्हें मुझसे छीना क्यों ?
यदि वस्त्र ही चीरना था,
तो बुनते समय बीना क्यों ?
मेरा तुम्हें खोना
उस ईश्वर की नीति का अपमान है,
फिर वो पूछता है इस दुनिया में
उसके नाम का क्यों न सम्मान है !
मैंने तुम्हें खोकर
अपने आप को पाना चाहा,
सब पहले जैसा हो जाएगा
ये झूठ ख़ुद को समझाना चाहा !
पर ये असत्य कर्म
हो न सका मुझसे,
क्योंकि हर समय तेरा प्रेम-धर्म
बड़ा रहा तुझसे !
मेरी नास्तिकता उस दिन ख़त्म हुई
जिस दिन मैंने तुम्हें खोया,
छोड़ सारे आडंबर
मैंने अपने भीतर ईश्वर बोया,
हर मूर्ति को गले लगाकर
मैं ख़ूब रोया,
लेकिन ईश्वर हमेशा की भाँति
क्षीर सागर में ही रहा सोया !
Bahut khub 👍
ReplyDelete